मलेशिया से तीन वांछित अपराधी प्रत्यर्पित : पंजाब पुलिस

Ads

मलेशिया से तीन वांछित अपराधी प्रत्यर्पित : पंजाब पुलिस

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 10:26 AM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 10:26 AM IST

चंडीगढ़, 19 अगस्त (भाषा) पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मलेशिया से तीन वांछित अपराधियों के प्रत्यर्पण में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार, ये तीनों अपराधी हत्या और जबरन वसूली से जुड़े कई मामलों में वांछित हैं।

डीजीपी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। केंद्रीय एजेंसियों की मदद से ‘काउंटर इंटेलिजेंस विंग’ की ‘ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रेडिशन सेल’ (ओएफटीईसी) ने मलेशिया से दविंदर बंबीहा गिरोह से जुड़े तीन वांछित आरोपियों को निर्वासित कर भारत लाने में सफलता हासिल की है।

उन्होंने बताया, ‘‘ तीनों आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह को नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर पहुंचने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच के लिए उन्हें पंजाब लाया जा रहा है।’’

डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पंजाब पुलिस ने विदेशों में मौजूद गैंगस्टरों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए ओएफटीईसी का गठन किया था। इसके प्रमुख पुलिस महानिरीक्षक आशीष चौधरी हैं।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना