ढेंकनाल, 10 फरवरी (भाषा) ओडिशा के ढेंकनाल जिले के एक जंगल में मंगलवार को चार जंगली हाथियों के हमले में तीन महिलाओं की मौत हो गई और तीन घायल हो गयीं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना सदर रेंज के पटपुरी वन में लोचापली गांव के पास हुई।
छह महिलाएं लकड़ी इकट्ठा करने के लिए घने जंगल में गई थीं, तभी उनका सामना जंगली हाथियों से हुआ।
जीवित बची महिलाओं में से एक ने बताया, ‘‘हाथी अचानक हमारे सामने आ गए और बिना किसी उकसावे के हमला कर दिया।’’
वन गश्ती दल ने महिलाओं को तुरंत बचा लिया, लेकिन उनमें से तीन की मौत हो गई।
संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) सुमित कुमार कर ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि मृतकों की पहचान इंदु प्रधान (60), तुनी बेहरा (50) और कुंतला प्रधान (40) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों के परिजनों को सरकार के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रमा देहुरी, रस्मिता प्रधान और झिली प्रधान का जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश