ओडिशा के कुछ हिस्सों में तूफान और ओलावृष्टि
ओडिशा के कुछ हिस्सों में तूफान और ओलावृष्टि
भुवनेश्वर, छह अप्रैल (भाषा) ओडिशा के कई हिस्सों में सोमवार को कालबैसाखी और ओलावृष्टि के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कटक जिले के अथगढ़ और नयागढ़ जिले के दासपल्ला क्षेत्र में गरज के साथ तेज हवाएं चलीं। अथगढ़ में एक ढांचा ढहने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।
नयागढ़ जिले के दासपल्ला ब्लॉक में कई पेड़ों के उखड़ कर सड़कों पर गिरने से यातायात बाधित हो गया, जिसे बाद में अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर साफ किया।
दासपल्ला कस्बे में ‘लंका पोड़ी’ उत्सव के लिए लगाया गया पंडाल भी तेज हवाओं में क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ‘रावण’ के पुतले का सिर उड़ गया।
अधिकारियों ने बताया कि कालाहांडी जिले के धरमगढ़ ब्लॉक तथा बोलांगीर जिले के पट्नागढ़ और खापरखोल ब्लॉक में ओलावृष्टि और भारी बारिश से कई कच्चे घर और फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं।
हालांकि, बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और किसी भी स्थान पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बौध राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने मंगलवार को केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर और कटक जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि कालबैसाखी और बारिश का दौर 10 अप्रैल तक जारी रह सकता है।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


