जयपुर, 10 जून (भाषा) राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से बृहस्पतिवार से कई इलाकों में आंधी बारिश का दौर फिर से शुरू होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार, बुधवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं पर हल्की वर्षा दर्ज की गयी जबकि पश्चिमी भाग भीषण गर्मी की चपेट में रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में रहा।
विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर तथा बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में आज भी मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज होने का अनुमान हे। इस दौरान कुछ स्थानों पर लू चलेगी और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 जून से राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ेंगी। 11 से 14 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चलेगी। साथ ही कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा