चेन्नई, 27 जुलाई (भाषा) पूर्ववर्ती द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार पर तैयार ‘ऑडिट रिपोर्ट’ आगामी बजट सत्र में सदन के पटल पर रखी जाएगी। तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने यह जानकारी देते हुए विपक्षी दल पर कथित ‘पार्टी फंड’ संग्रह में अनियमितताओं के मामले में अनभिज्ञता जताने का आरोप लगाया।
विल्सन ने बिना नाम लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता पी. के. शेखर बाबू की ओर संकेत करते हुए कहा कि इस रिपोर्ट में कथित अनियमितताओं का विस्तृत ब्योरा होगा और इससे उस पूर्व मंत्री की भूमिका भी उजागर होगी, जो वर्तमान में हार्बर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘जो पूर्व मंत्री इस समय इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वे द्रमुक के कार्यकाल के दौरान एकत्र किए गए पार्टी फंड के बारे में अनभिज्ञ होने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने पूछा है कि ‘पार्टी फंड क्या होता है?’ हार्बर विधानसभा क्षेत्र में अपने पहले कार्यक्रम को संबोधित कर रहा हूं, इसलिए इस पर प्रतिक्रिया देना आवश्यक है। पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के कार्यकाल में पार्टी फंड जुटाने के नाम पर किए गए कथित भ्रष्टाचार की ऑडिट रिपोर्ट हम तैयार कर रहे हैं। इसे आगामी बजट सत्र में सदन के पटल पर पेश किया जाएगा।’
हार्बर विधानसभा क्षेत्र में रविवार देर शाम आयोजित एक कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने द्रमुक के पूर्व मंत्री पी. के. शेखर बाबू का नाम लिए बिना कहा, ‘इसमें कथित भ्रष्टाचार की पूरी सूची होगी। इसके बाद इस पूर्व मंत्री की भूमिका भी उजागर हो जाएगी।’
मंत्री ने नीट का उल्लेख करते हुए दावा किया कि जिस तरह 2026 में तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव आया और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने विधानसभा चुनाव जीता, उसी तरह 2029 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश में भी राजनीतिक परिवर्तन होगा, जिसके बाद राष्ट्रीय स्तर की इस प्रवेश परीक्षा को समाप्त कर दिया जाएगा।
कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र वितरित करने के लिए आयोजित समारोह में उन्होंने कहा, ‘नीट परीक्षा का स्थायी समाधान निकलेगा। हमारी पार्टी, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके), का नेतृत्व इस परीक्षा को पूरी तरह समाप्त कराने की दिशा में सक्रियता से काम कर रहा है। यह बदलाव पूरे देश में दिखाई देगा।’
बाद में जब संवाददाताओं ने सदन में पेश की जाने वाली लेखा-परीक्षा रिपोर्ट के बारे में विस्तार से पूछना चाहा, तो विल्सन ने केवल इतना कहा, ‘इंतजार कीजिए और देखिए।’ उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में जानकारी मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय देंगे।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार का पहला बजट पांच अगस्त को तमिलनाडु विधानसभा में पेश किया जाएगा। उसी दिन विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक होगी, जिसमें सत्र की अवधि तय की जाएगी।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा