दिल्ली में बुधवार को गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना

दिल्ली में बुधवार को गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना

दिल्ली में बुधवार को गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना
Modified Date: November 29, 2022 / 08:10 pm IST
Published Date: June 15, 2022 11:29 am IST

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार दोपहर या शाम तक गरज के साथ छीटें पड़ने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से. के आसपास रहने का अनुमान है।

मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए थे, जिससे सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान इस महीने में पहली बार 40 डिग्री से. से नीचे गया था।

आगामी कुछ दिनों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर पर पुरवाई हवाएं चलने की संभावना के साथ गर्मी कम होने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले छह दिनों में गरज के साथ छीटें पड़ने या हल्की बारिश होने की चेतावनी के साथ ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। रविवार तक पारा गिरकर 35 डिग्री से. तक पहुंचने का अनुमान है।

मानसून का मौसम शुरू होने के बीच एक जून से राष्ट्रीय राजधानी में बारिश नहीं हुई। आम तौर पर महीने के पहले 13 दिनों में 13.8 मिलीमीटर तक बारिश होती है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पालावत ने कहा कि दिल्ली में 27 जून या उससे एक-दो दिन पहले मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

पिछले साल आईएमडी ने अनुमान जताया था कि दिल्ली में अनुमान से करीब दो हफ्ते पहले मानसून आएगा। हालांकि, यह 13 जुलाई को आया था जिससे 19 वर्षों में यह सबसे देर से पहुंचने वाला मानसून बन गया था।

पालावत ने कहा कि अब दिल्ली में लू चलने की आशंका बेहद कम है। 21 जून के बाद मौसम साफ हो जाएगा और शुष्क पश्चिमी हवाएं चलेंगी लेकिन तापमान में वृद्धि का अनुमान नहीं है।

आईएमडी के अनुसार, राजधानी में गर्मी के मौसम में अभी तक 26 दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक दर्ज किया गया, जो 2012 से सबसे अधिक संख्या है।

भाषा

गोला अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में