टीएमसी विधायक मदन मित्रा के बड़े बेटे भर्ती घोटाले की जांच के संबंध में ईडी के समक्ष पेश हुए
टीएमसी विधायक मदन मित्रा के बड़े बेटे भर्ती घोटाले की जांच के संबंध में ईडी के समक्ष पेश हुए
कोलकाता, 23 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा के बड़े बेटे स्वरूप मित्रा, कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को यहां सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर में पेश हुए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उनके पेश होने से एक दिन पहले, केंद्रीय एजेंसी ने इसी मामले में उनके छोटे भाई शुभरूप मित्रा से लगभग नौ घंटे तक पूछताछ की थी।
ईडी ने मदन मित्रा की पत्नी अर्चना मित्रा को भी समन भेजा है, जिन्हें शुक्रवार को जांचकर्ताओं के सामने पेश होना है, जबकि राज्य के पूर्व मंत्री को 29 जुलाई को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
स्वरूप मित्रा बृहस्पतिवार सुबह ईडी दफ्तर पहुंचे। सीजीओ कॉम्प्लेक्स में जाने से पहले उन्होंने पत्रकारों को संक्षेप में बताया कि उनकी मां शुक्रवार को एजेंसी के सामने पेश होंगी।
सूत्रों ने बताया कि उनसे बैंक से जुड़े कुछ दस्तावेज लाने के लिए कहा गया था, हालांकि यह तुरंत पता नहीं चल सका कि उन्होंने वे दस्तावेज जमा किए या नहीं।
ईडी के एक अधिकारी ने कहा, “यह पूछताछ नगरपालिका भर्ती घोटाले से जुड़े धन के कथित लेनदेन की हमारी जांच का हिस्सा है। हम वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।”
पश्चिम बंगाल में नगर निकाय भर्तियों में कथित अनियमितताओं की एजेंसी की जांच के तहत, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और उनके परिवार के सदस्यों को कुछ दिन पहले समन जारी किए गए थे।
ईडी का नोटिस मिलने के बाद टीएमसी विधायक ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे और जरूरत पड़ने पर उनकी पत्नी और बेटे भी एजेंसी के सामने पेश होंगे।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


