टीएमसी सांसद प्रतिमा मंडल का बागी गुट का हिस्सा होने से इनकार
टीएमसी सांसद प्रतिमा मंडल का बागी गुट का हिस्सा होने से इनकार
कोलकाता, 11 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सांसद प्रतिमा मंडल ने बृहस्पतिवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें उन्हें पार्टी से कथित तौर पर दूरी बनाने की कोशिश कर रहे बागी सांसदों के एक समूह से जोड़ा जा रहा था।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेताओं के सिलसिलेवार इस्तीफों से उपजी मौजूदा राजनीतिक उथल-पुथल के बीच उनका नाम झूठमूठ का घसीटा जा रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखे पत्र पर कथित तौर पर हस्ताक्षर करने वाले 19-20 सांसदों में शामिल होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंडल ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी नहीं है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘आप जिन 19-20 सांसदों की बात कर रहे हैं और बिरला को भेजे गए जिस कथित पत्र के बारे में बात कर रहे हैं, मुझे उसकी कोई जानकारी नहीं है। मुझे इसके बारे में मीडिया के माध्यम से ही पता चल रहा है। अगर 19 या 20 लोगों ने इस पर हस्ताक्षर किए हैं, तो मेरा हस्ताक्षर उनमें नहीं है।’’
लोकसभा सांसद ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, ‘‘जो झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, वे न तो मुझे चुनाव में चुनने वाली जनता के लिए अच्छी हैं और न ही मेरे लिए। मैं दिल्ली भी नहीं गई हूं।’’
हालांकि, मंडल ने हाल ही में पार्टी से हुए इस्तीफों को लेकर पार्टी के भीतर चिंताओं को स्वीकार किया और कहा कि उन्होंने आगे और इस्तीफों को रोकने और संगठन को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए कोलकाता में पार्टी सांसदों की एक बैठक बुलाई थी।
राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने बृहस्पतिवार को उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया, जिससे वे इस सप्ताह इस्तीफा देने वाले तृणमूल के तीसरे सांसद बन गए।
इस सप्ताह की शुरुआत में राज्यसभा सांसद सुखेन्दु शेखर राय और सुष्मिता देव ने उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया और बाद में तृणमूल कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की, जिससे पार्टी नेतृत्व को झटका लगा।
इस बीच, टीएमसी से निष्कासित विधायक रीताब्रता बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि बागी विधायकों की संख्या अब 58 से बढ़कर 64 हो गई है और यह संख्या अब भी बढ़ रही है।
भाषा
संतोष नरेश
नरेश

Facebook


