बेंगलुरु, 31 जुलाई (भाषा) कर्नाटक पर्यटन विभाग ने मंगलुरु से क्रूज सेवाएं शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के लिए एक प्रमुख पर्यटन कंपनी के साथ परामर्श शुरू किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राज्य के पर्यटन सचिव वी. राम प्रसाथ मनोहर ने बताया कि मुंबई में हुई एक बैठक के दौरान भारत की प्रमुख क्रूज परिचालक कंपनियों में शामिल ‘वाटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड’ ने मंगलुरु से क्रूज सेवाएं शुरू करने की संभावना पर सहमति जताई है।
उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के पर्यटन मंत्री के. जे. जॉर्ज के निर्देश पर शुरू की गई है।
मनोहर ने बताया कि कंपनी की तकनीकी टीम स्थल का विस्तृत आकलन करेगी, जिसके बाद विभाग उसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ ही हम मंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय स्तर का ‘क्रूज टर्मिनल’ स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहे हैं।’’
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पर्यटन विभाग के सचिव के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ‘वाटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड’ के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जुर्गन बैलोम और बंदरगाह परिचालन के सहायक निदेशक भरत आचार्य के साथ विस्तृत चर्चा की।
बयान में कहा गया है कि बैठक में मंगलुरु से क्रूज सेवाएं शुरू करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे, परिचालन संबंधी जरूरतों, बाजार की संभावनाओं और अन्य प्रमुख पहलुओं पर चर्चा हुई।
पर्यटन मंत्री जॉर्ज ने कहा कि कर्नाटक का समुद्री तट क्रूज पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं रखता है। उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रमुख कंपनियों के साथ मिलकर जरूरी बुनियादी ढांचा विकसित करने और अनुकूल माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस पहल से तटीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में निवेश आकर्षित होगा।’’
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव