ट्रैक्टर रैली: राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कुछ नेताओं को हरियाणा में प्रवेश की अनुमति मिली
ट्रैक्टर रैली: राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कुछ नेताओं को हरियाणा में प्रवेश की अनुमति मिली
पिहोवा (कुरूक्षेत्र), छह अक्टूबर (भाषा) पंजाब के साथ लगती हरियाणा की सीमा पर विभिन्न नाटकीय घटनाक्रमों के बीच राज्य के अधिकारियों ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कुछ नेताओं को कृषि कानूनों के खिलाफ उनकी रैली के लिए भाजपा शासित राज्य में आने की अनुमति दे दी।
पटियाला के सन्नौर में अपनी अंतिम रैली के बाद गांधी अपनी ‘‘खेती बचाओ यात्रा’’ के अंतिम दिन एक ट्रैक्टर से हरियाणा सीमा पर पहुंचे।
उनके साथ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश रावत भी थे।
पंजाब के पटियाला जिले से गांधी के साथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी थे लेकिन उनके काफिले को पेहोवा सीमा पर टेकोर गांव के निकट राजमार्ग पर एक घंटे तक रोक लिया गया।
गांधी के पंजाब-हरियाणा सीमा पर पहुंचने से पहले हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पत्रकारों को बताया कि वे कोविड-19 पाबंदियों के मद्देनजर दिशा-निर्देशों के अनुसार एक स्थान पर 100 से अधिक लोगों को एकत्र होने की अनुमति नहीं देंगे।
इसके बाद गांधी और कांग्रेस के कुछ नेताओं को हरियाणा में प्रवेश करने की अनुमति दे दी गई जहां कांग्रेस के पूर्व प्रमुख के कुछ कार्यक्रम प्रस्तावित है।
हरियाणा की तरफ राज्य कांग्रेस प्रमुख कुमारी शैलजा, वरिष्ठ नेताओं भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी, अजय सिंह यादव, पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल मौजूद थे।
हरियाणा में गांधी के ट्रैक्टर रैली के मद्देनजर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि गांधी को अपने विचार रखने का अधिकार है लेकिन ‘‘अगर वह पंजाब से एक बड़ी भीड़ के साथ आते हैं, तो हम इसकी अनुमति नहीं देंगे।’’
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पहले कहा था कि यदि गांधी ‘‘पंजाब से बड़ी भीड़ के साथ आये तो हम उन्हें अनुमति नहीं देंगे।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


