तृणमूल कांग्रेस ने भवानीपुर के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग की
तृणमूल कांग्रेस ने भवानीपुर के निर्वाचन अधिकारी को हटाने की मांग की
कोलकाता, 25 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी सुरजीत रॉय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी से करीबी संबंध होने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
भवानीपुर विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक शुभेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच कड़ा मुकाबला है।’
तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने 24 मार्च को मुख्य निर्वाचन आयुक्त और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे एक पत्र में दावा किया कि 2011 बैच के डब्ल्यूबीसीएस (पश्चिम बंगाल सिविल सेवा) अधिकारी रॉय पहले नंदीग्राम-II ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी के रूप में तैनात थे और अधिकारी के साथ उनके करीबी संबंधों के बारे में सभी को जानकारी है।
ओ’ब्रायन ने लिखा, ‘निर्वाचन अधिकारी के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सुरजीत रॉय की निष्पक्षता और क्षमता को लेकर विश्वसनीय आशंकाएं बनी हुई हैं।’
उन्होंने दावा किया कि भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी की उम्मीदवारी से “पक्षपात और निष्पक्षता की कमी की आशंका” पैदा होती है।
पार्टी ने रॉय के वर्तमान पद (भूमि अभिलेख के अतिरिक्त निदेशक) पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि यह उनकी वरिष्ठता के अनुरूप नहीं है। पार्टी ने कहा कि यह पद पारंपरिक रूप से संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों के पास रहा है।
पार्टी ने निर्वाचन आयोग से सुरजीत रॉय की नियुक्ति को तत्काल रद्द करने, उन्हें चुनाव संबंधी सभी कर्तव्यों से हटाने और भवानीपुर के लिए ‘किसी भी राजनीतिक संबद्धता से मुक्त एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और वरिष्ठ अधिकारी’ को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया है।
भाषा प्रचेता अमित
अमित

Facebook


