तृणमूल कांग्रेस ने मतदाता आंकड़ों में विसंगति पर सवाल उठाए
तृणमूल कांग्रेस ने मतदाता आंकड़ों में विसंगति पर सवाल उठाए
कोलकाता, 17 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल से मुलाकात कर मतदाता आंकड़ों में कथित विसंगतियों और पूरक मतदाता सूची के प्रकाशन में देरी पर सवाल उठाए।
प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा और पार्थ भौमिक के साथ राज्य की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य शामिल थीं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात की।
मतदाताओं की संख्या में अंतर पर चिंता जताते हुए मोइत्रा ने कहा, “28 फरवरी को जब अंतिम एसआईआर मतदाता सूची प्रकाशित हुई थी, तब पश्चिम बंगाल में मतदाताओं की संख्या 7,04,59,000 से अधिक बताई गई थी।’’
उन्होंने सवाल किया, “हालांकि, 15 मार्च को जब निर्वाचन आयोग ने मतदान की तारीखों की घोषणा की, तब मतदाताओं की संख्या 6,44,52,609 बताई गई। दो अलग-अलग आंकड़े कैसे हो सकते हैं?”
उन्होंने प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा, “सूची में किन मतदाताओं को शामिल किया गया है और किन्हें बाहर रखा गया है? हमने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।”
भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पूछा है कि संपूर्ण पूरक मतदाता सूची कब प्रकाशित होगी और विचाराधीन मतदाताओं के नाम पर निर्णय कब होगा, खासकर जब नामांकन प्रक्रिया तेजी से नजदीक आ रही है।”
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, अधिकारियों ने संकेत दिया कि पूरक सूची शुक्रवार या शनिवार तक जारी की जा सकती है, लेकिन संपूर्ण सूची कब प्रकाशित होगी, इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


