कोलकाता, 18 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कूचबिहार जिले में एक चुनावी रैली में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को धमकाने वाले तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चार मई के बाद सबक सिखाया जाएगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।
माथाभंगा में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘अगर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को धमकी देते हैं, तो उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। चार मई यानी मतगणना के दिन के बाद, उनकी उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। इन गुंडों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।’’
आदित्यनाथ ने कांग्रेस और वामपंथी दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों के एकजुट रुख के कारण शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण से संबधित संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका।
उन्होंने कहा, ‘‘टीएमसी और कांग्रेस महिला सशक्तीकरण में बाधा डाल रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भगवान राम का नाम जपना मुश्किल हो गया है और दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी बाधाएं उत्पन्न की जाती हैं।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल