चंडीगढ़, 27 फरवरी (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में अदालत द्वारा बरी किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है।
दिल्ली की एक अदालत ने आबकारी नीति मामले में केजरीवाल और सिसोदिया को बरी कर दिया तथा केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दाखिल आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया।
इन दोनों नेताओं के अलावा इस मामले में 21 अन्य लोगों को भी बरी कर दिया गया।
मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सत्य की हमेशा जीत होती है। दिल्ली की माननीय अदालत ने शराब घोटाले के मामले में ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को बरी कर दिया है। माननीय अदालत के इस फैसले से सच्चाई सामने आ गई है। समय के साथ अन्य सभी मामलों में भी सच्चाई सामने आ जाएगी।’’
आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने दिल्ली की अदालत के फैसले का स्वागत किया और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर पार्टी को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
अरोड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कहावत है कि ‘न्याय में देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं’। अरविंद केजरीवाल जी, मनीष सिसोदिया जी और अन्य सभी को दिल्ली के तथाकथित शराब घोटाले के झूठे, मनगढ़ंत और झूठ से भरे मामले में माननीय अदालत द्वारा बरी कर दिया गया है, जिससे एक बार फिर यह साबित हो गया है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की एजेंसियों ने आम आदमी पार्टी की ईमानदारी की राजनीति को बदनाम करने और नुकसान पहुंचाने के लिए यह सब किया था।’’
उन्होंने कहा कि देश की जनता आने वाले दिनों में साजिशकर्ताओं को मुंहतोड़ जवाब देगी।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा