चेन्नई, चार मई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में अन्नाद्रमुक की लीमा रोज मार्टिन और भाजपा की तमिलिसाई सौंदरराजन सहित हाई-प्रोफाइल महिला उम्मीदवार कड़ी टक्कर का सामना कर रही हैं, जो अभिनेता विजय की टीवीके पार्टी द्वारा बड़े उलटफेर की ओर इशारा करते हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार कई अनुभवी महिला नेता खुद को ऐसे त्रिकोणीय मुकाबलों में पा रही हैं जहां जीत-हार का अंतर बेहद कम है।
लालगुडी से चुनाव लड़ रहीं राज्य की सबसे धनी उम्मीदवार लीमा रोज मार्टिन को कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। मतगणना के आठवें दौर की गणना तक वह द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के टी. परिवल्लल से लगभग 5,500 मतों से पीछे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के उम्मीदवार ने इस क्षेत्र में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के पारंपरिक वोट शेयर में काफी सेंध लगाई है।
पूर्व राज्यपाल एवं माइलापोर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार तमिलिसाई सौंदराजन फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं। इस क्षेत्र में टीवीके उम्मीदवार को अप्रत्याशित बढ़त मिल रही है, जबकि द्रमुक की मौजूदा विधायक दूसरे स्थान पर हैं क्योंकि शहरी मतदाताओं का झुकाव अभिनय के क्षेत्र से राजनीति में आए विजय की नयी पार्टी की ओर नजर आ रहा है।
इसी तरह, कोयंबटूर दक्षिण में मौजूदा विधायक वानती श्रीनिवासन पिछड़ती दिख रही हैं। मतगणना के महत्वपूर्ण आधे दौर की गणना में प्रवेश करने के साथ ही नवीनतम रुझान बताते हैं कि वह टीवीके उम्मीदवार से लगभग 2,500 वोट से पीछे हैं।
पेरम्बूर में टीवीके प्रमुख विजय का सीधा मुकाबला अन्नाद्रमुक के उम्मीदवार पोर्कोडी आर्मस्ट्रांग से है जो शुरुआती दौर में आगे थे लेकिन नौवें दौर तक वह तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। विजय ने यहां मजबूत बढ़त बना ली है।
हालांकि, कुछ महिला उम्मीदवारों ने अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है। जहां उनकी पार्टी की उम्मीदवार अधिकतर क्षेत्रों में संघर्ष कर रही हैं। देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) प्रमुख प्रेमलता विजयकांत वृधाचलम में 1,212 वोट से आगे हैं।
थिरु वी का नगर में द्रमुक के के. एस. रविचंद्रन के खिलाफ टीवीके की एम आर पल्लवी 9,000 से अधिक वोट की बढ़त बनाए हुए हैं।
पहली बार चुनाव लड़ रहीं टीवीके की कई महिला उम्मीदवार शहरी इलाकों, विशेषकर चेन्नई और आसपास के जिलों में अनुभवी नेताओं से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
वहीं दूसरी ओर नाम तमिलर काची (एनटीके) ने 50 प्रतिशत सीट पर महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था लेकिन अधिकतर निर्वाचन क्षेत्रों में वे पिछड़ रही हैं और प्राय: चौथे स्थान पर हैं।
अन्नाद्रमुक के मरगथम कुमारवेल दोपहर तक 19,000 से अधिक वोट की बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन अब वह आठवें चरण की गणना के बाद मदुरांटकम में लगभग 118 वोट की मामूली बढ़त से आगे हैं।
निर्वाचन अधिकारियों ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस वर्ष महिला मतदाताओं की रिकॉर्ड संख्या (86.2 प्रतिशत) रही, जो पुरुषों से अधिक है और इस महत्वपूर्ण चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
वर्ष 2021 की तुलना में 2026 में 25.3 लाख अतिरिक्त मतदाताओं में से लगभग 20.8 लाख (82.4 प्रतिशत) महिलाएं थीं।
हालांकि इस चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या अब तक की सबसे अधिक 443 रही, लेकिन वे कुल 4,023 उम्मीदवारों में से केवल 11.01 प्रतिशत थीं। मतगणना जारी है और इन महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम चुनाव परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा