चेन्नई, दो फरवरी (भाषा)अभिनय जगत से राजनीति में कदम रखने वाले विजय ने सोमवार को कहा कि जनता के अपार समर्थन के कारण तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) एक बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।
उन्होंने साथ ही दावा किया कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को केवल उनकी पार्टी ही अपने दम पर हरा सकती है।
विजय ने कहा कि हालांकि आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में पेश किया जा रहा है, लेकिन चुनावी लड़ाई केवल टीवीके और द्रमुक के बीच होगी और अंतत: चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी की हार होगी।
विजय ने टीवीके के स्थापना के तीन साल होने के अवसर पर कहा, ‘‘लोग त्रिकोणीय या चतुष्कोणीय मुकाबले की बात कर रहे हैं। एक तरफ जनता समर्थित टीवीके है, दूसरी तरफ द्रमुक और तीसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा उसके कई सहयोगी दल हैं। हालांकि, टीवीके, जो जनशक्ति के रूप में उभरी है और वह अकेले द्रमुक को हरा सकती है।’’
टीवीके की स्थापना के अवसर पर सदस्यों को संबोधित करते हुए पार्टी संस्थापक विजय ने कहा, ‘‘आज हम आपके और जनता के प्रयासों से एक बड़ी पार्टी बन पाए हैं। आप ही मेरी ताकत हैं। मैं और हमारी पार्टी आप पर निर्भर हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि केवल उनकी टीवीके पार्टी में ही द्रमुक का विरोध करने का साहस है। विजय ने राज्य में सत्तारूढ़ द्रमुक को ‘प्लैटिनम जुबली बेबी’ करार दिया।
द्रमुक इस समय अपनी स्थापना की 75वीं सालगिरह मना रही है।
विजय ने दावा किया कि वह इस साल ‘ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक)के दिग्गज नेता एम जी रामचंद्रन की सफलता की कहानी को दोहराएंगे।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में लोगों के पास टीवीके के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप