राजस्थान: मादक पदार्थ बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़, पांच करोड़ रुपये की एमडी और रसायन जब्त

Ads

राजस्थान: मादक पदार्थ बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़, पांच करोड़ रुपये की एमडी और रसायन जब्त

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 05:04 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 05:04 PM IST

जयपुर, दो फरवरी (भाषा) राजस्थान के प्रतापगढ़ में पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत शहर के बीचों-बीच एक किराना दुकान और अनाज गोदाम की आड़ में सक्रिय मादक पदार्थ बनाने की इकाई का भंडाफोड़ करते हुए करीब पांच करोड़ रुपये की एमडी और कच्चा माल जब्त किया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक बी.आदित्य ने बताया कि प्रतापगढ़ थाना प्रभारी शंभुसिंह को सूचना मिली थी कि वाटरवर्क्स रोड स्थित नाकोड़ा किराना के पीछे कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने गोदाम के अंदर बने गुप्त कमरे की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और उसे बनाने के उपकरण मिले।

अधिकारी ने बताया कि मौके से 106 ग्राम एमडी और एमडी तैयार करने में प्रयुक्त होने वाला 114.750 किलोग्राम तरल रसायन बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मादक पदार्थ बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किये गये हैं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी धर्मचन्द मोगरा जैन और रोहित मोगरा जैन किराना व्यापार की आड़ में इस कारोबार को अंजाम दे रहे थे तथा पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे मौके से फरार हो गए।

अधिकारी ने बताया कि स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र