चेन्नई, दो मई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद धार्मिक यात्राओं पर निकले तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेता विजय ने शनिवार को नागपट्टिनम जिले के वेलंकन्नी चर्च की अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी, जिससे उनके हजारों प्रशंसक निराश हो गए।
अभिनेता से नेता बने विजय राज्य में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद लगातार धार्मिक स्थलों के दौरे पर हैं।
इससे पहले उन्होंने तिरुचेंदूर स्थित भगवान मुरुगन मंदिर और शिरडी साईं बाबा मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की थी।
तय कार्यक्रम के अनुसार, विजय को शनिवार तड़के वेलंकन्नी के प्रसिद्ध ईसाई तीर्थस्थल ‘बेसिलिका ऑफ आवर लेडी ऑफ गुड हेल्थ’ (वेलंकन्नी चर्च) जाना था। अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने के लिए चर्च और उसके आसपास हजारों प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
टीवीके के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि विजय ने व्यक्तिगत कारणों से वेलंकन्नी की यात्रा रद्द कर दी है। हालांकि, सूत्रों ने यह भी कहा कि विजय रविवार को वेलंकन्नी जा सकते हैं।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव