उन्नाव (उप्र), 28 मई (भाषा) प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ‘यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट’ (उल्फा-आई) से कथित रूप से जुड़े दो आरोपियों को उन्नाव से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपियों के स्थानीय नेटवर्क और ठिकानों की जांच शुरू कर दी है।
उसने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहारनपुर निवासी नूर मोहम्मद और कानपुर निवासी मोहम्मद सुभान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले करीब छह महीने से उन्नाव के बुधवारी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे और अपनी पहचान छिपा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि असम पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस और सर्विलांस यूनिट की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया।
सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि बुधवार को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर असम पुलिस को सौंप दिया गया।
असम पुलिस का आरोप है कि दोनों आरोपी उल्फा-आई के लिए चंदा जुटाने में शामिल थे और उनके खिलाफ तिनसुकिया जिले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि उन्नाव में आरोपियों को किसने पनाह दी थी और उनके स्थानीय संपर्क कौन-कौन थे।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द मनीषा खारी
खारी