शिमला, 28 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश में 1,276 पंचायतों के लिए ग्रामीण निकाय चुनावों के दूसरे चरण में बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे तक 43.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर पहली बार मतदान करने वालों और वरिष्ठ नागरिकों सहित लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।
सिरमौर जिले में अब तक सबसे अधिक 50.52 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 37.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
कुल 17,30,300 मतदाता, जिनमें 8,55,597 महिलाएं, 8,74,416 पुरुष और तीसरे लिंग के 17 लोग शामिल हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
पहले चरण में 1,293 पंचायतों के लिए मतदान मंगलवार को हुआ, जिसमें 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शेष 1,274 पंचायतों के लिए तीसरे और अंतिम चरण में मतदान 30 मई को होगा।
ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों और चार नगर निगमों को छोड़कर, जिनके परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे, बाकी सभी चुनावों के लिए मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू कर दी गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ समीरपुर में अपना वोट डाला और लोगों से पंचायत चुनावों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज एक ऐसे लोकतंत्र में अपार महत्व रखता है, जिसमें 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में ग्रामीण स्तर पर असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि नव निर्वाचित प्रतिनिधि विकास का एक नया अध्याय लिखेंगे।
ठाकुर ने कहा, “रुझान भाजपा के पक्ष में और मौजूदा सरकार के खिलाफ हैं। लोग चुनावों को राज्य सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा निकालने के मंच के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।”
मंडी जिले की धवाहन पंचायत में पहली बार मतदान करने वाली सरिता ने कहा, “मैंने विकास के लिए वोट दिया है। गांव में पुस्तकालय खोलने की जरूरत है ताकि छात्र पढ़ाई कर सकें और जीवन में सफल हो सकें। सड़कों की हालत भी खराब है।”
पंचायत चुनावों में 10,854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
चुनाव अलग-अलग रंगों वाले मतपत्रों के माध्यम से हो रहे हैं – वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधानों के लिए पीला, प्रधानों के लिए हरा, पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीला।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चंबा के तिस्सा ब्लॉक के समवाल पंचायत के वार्ड नंबर दो के चुनाव 30 मई को होंगे। इस चुनाव को नियमों के उल्लंघन के कारण स्थगित कर दिए गया था।
तीन चरणों में होने वाले चुनावों में लगभग 50.89 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं, जिनमें 31,182 जन प्रतिनिधियों, 3,754 प्रधानों, 3,754 उप-प्रधानों, 21,654 वार्ड सदस्यों, 1,769 पंचायत समिति सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा