दिल्ली में शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 05:53 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 05:53 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर शहर के एक व्यक्ति से 9.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान 44 वर्षीय अंकित पटेल और 36 वर्षीय पटेल कीर्तिकुमार द्वारकाभाई के रूप में हुई है, दोनों गुजरात के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित से संपर्क किया और उन्हें मोटा मुनाफा दिलाने का वादा करके शेयर बाजार में निवेश करने के लिए लुभाया।

अधिकारी ने बताया, “ ऐसे ही एक मामले में, शिकायतकर्ता आदित्य शर्मा को फर्जी माध्यमों से निवेश करने के लिए बहकाया गया और उनसे 9.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।”

शिकायत के बाद पिछले साल 23 दिसंबर को मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने धन के लेन-देन का विश्लेषण किया और पाया कि धोखाधड़ी से प्राप्त राशि को ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खातों के जरिए इधर-उधर किया गया और बाद में एटीएम और चेक का उपयोग करके धनराशि निकाली गई।

अधिकारी ने बताया, ‘बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों के विश्लेषण से पुलिस को आरोपियों का पता लगाने में मदद मिली और वे गुजरात में पाए गए। इसके बाद एक टीम भेजी गई, जिससे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।’

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने धोखाधड़ी से प्राप्त धन के लिए कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया। आरोप है कि अंकित पटेल ने इन खातों की व्यवस्था की और उन्हें संचालित किया, धनराशि निकाली, कमीशन रखा और शेष राशि अपने सहयोगी को हस्तांतरित कर दी।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे आसानी से पैसा कमाने के लिए इस तरह की गतिविधियों में शामिल होते थे। इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा