अहमदाबाद में मोटरसाइकिल हादसे को लेकर हत्या के बाद आगजनी हुई, दो गिरफ्तार

अहमदाबाद में मोटरसाइकिल हादसे को लेकर हत्या के बाद आगजनी हुई, दो गिरफ्तार

अहमदाबाद में मोटरसाइकिल हादसे को लेकर हत्या के बाद आगजनी हुई, दो गिरफ्तार
Modified Date: April 18, 2026 / 10:00 pm IST
Published Date: April 18, 2026 10:00 pm IST

अहमदाबाद, 18 अप्रैल (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद जिले के धांधुका में शनिवार को एक मोटरसाइकिल दुर्घटना के बाद हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद कई दुकानों में आग लगा दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गई। अधिकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिल सवार अलग-अलग समुदाय से संबद्ध हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों के बीच झड़प हो गई, लेकिन यह मामला तब और बढ़ गया जब एक समूह के सदस्य दुर्घटना में शामिल दूसरे व्यक्ति के घर पहुंच गए।

अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट ने बताया, ‘‘झड़प के दौरान धर्मेश गमारा (30) के पैर में चाकू से वार किया गय, जिसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई।’

उन्होंने बताया, ‘गमारा की मृत्यु के बाद तनाव बढ़ गया और लोगों के एक समूह ने सड़क किनारे लगी सात-आठ दुकानों में आग लगा दी। कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।’

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें छोटी दुकानें आग की लपटों में घिरी हुई दिखाई दे रही हैं।

जाट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।

उन्होंने कहा, “आग बुझा दी गई है।”

अधिकारी ने बताया कि आगजनी में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए इलाके में गश्त और घर-घर तलाशी ली जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गमारा की हत्या में कथित संलिप्तता के आरोप में समीर और रिजवान नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आगजनी के संबंध में 15-20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में