दिल्ली में हाशिम बाबा गिरोह के दो सहयोगी गिरफ्तार
दिल्ली में हाशिम बाबा गिरोह के दो सहयोगी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हाशिम बाबा गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक हत्या के मामले में वांछित शूटर भी शामिल है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शादाब अहमद उर्फ शादाब चप्पल (28) और मोहम्मद आदि उर्फ आदिल (24) के रूप में हुई है, दोनों जाफराबाद के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘ गिरोह शूटर शादाब और जेल में बंद गैंगस्टर सुहैल उर्फ चप्पल का भांजा है। वह पिछले दो वर्षों से फरार था।’
उनके मुताबिक, उसकी गतिविधियों के बारे में मिली विशिष्ट जानकारी के आधार पर, एक टीम ने 11 अप्रैल को उत्तर पूर्वी दिल्ली में सिग्नेचर ब्रिज के पास गड़ी मेंडू इलाके से शादाब को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि उसके पास से अर्धस्वचालित पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए। शादाब सीलमपुर थाने में 2024 में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, नौ मार्च 2024 को शादाब ने सह-आरोपी उमर और अन्य लोगों के साथ मिलकर सीलमपुर की एक व्यस्त सड़क पर प्रतिद्वंद्वी छेनू गिरोह के दो सदस्यों- अरबाज और आबिद उर्फ भोंदू पर गोली चलाई थी।
अधिकारी ने कहा, ‘इस घटना में अरबाज की मौत हो गई थी। जांच के दौरान पता चला कि शादाब ने अरबाज की हत्या इसलिए की क्योंकि अरबाज ने उसके मामा सुहैल उर्फ चप्पल को तब परेशान किया था, जब दोनों मंडोली जेल में बंद थे।’
उसे जाफराबाद थाने में 2020 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में भी भगोड़ा घोषित किया गया था। वह इस मामले में निचली अदालत के समक्ष पेश होने में विफल रहा था।
विशेष प्रकोष्ठ ने तीन अप्रैल को एक अलग अभियान में, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से गिरोह के एक अन्य सदस्य मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अर्धस्वचालित पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किए गए।
यह गिरफ्तारी इस सूचना के बाद की गई कि आदिल जेल में बंद (हाशिम बाबा गिरोह के)गैंगस्टरों असद और दानिश उर्फ मल्ली की ओर से उगाही के लिए लक्षित व्यक्तियों की पहचान कर रहा था।
उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


