टीएमसी के दो पूर्व विधायकों ने ऋतब्रत गुट से संपर्क किया

Ads

टीएमसी के दो पूर्व विधायकों ने ऋतब्रत गुट से संपर्क किया

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 09:35 PM IST

कोलकाता, 17 जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायकों तापस चटर्जी और बिस्वजीत दास ने शुक्रवार को पार्टी के उस गुट से मुलाकात की जिसका नेतृत्व ऋतब्रत बनर्जी कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी में राजनीतिक मुद्दों पर सामूहिक चर्चा के लिए कोई जगह नहीं है।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब टीएमसी के कई नेता और विधायक ऋतब्रत के नेतृत्व वाले गुट से संपर्क कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत ने कहा है कि इस समूह का सामूहिक नेतृत्व ही उनके शामिल होने पर फैसला करेगा।

पश्चिम बंगाल के 2011 के विधानसभा चुनावों के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) छोड़कर टीएमसी में शामिल हुए चटर्जी ने आरोप लगाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को नेतृत्व के साथ मुद्दों पर चर्चा के पर्याप्त अवसर नहीं मिलते थे।

चटर्जी ने कहा, ‘‘मुझे किसी भी मुद्दे पर तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात करने का मौका नहीं मिला।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि जब पार्टी सत्ता में थी, तब टीएमसी प्रमुख ने उन्हें नजरअंदाज किया।

राजारहाट न्यूटाउन के पूर्व विधायक चटर्जी ने कहा कि लगभग पांच दशकों का राजनीतिक अनुभव के बावजूद उन्हें एक युवा नेता के माध्यम से टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को फोन करना पड़ता था।

बगदाह के पूर्व विधायक दास ने विधानसभा परिसर स्थित कार्यालय में ऋतब्रत बनर्जी से मुलाकात की। उन्होंने 2019 में टीएमसी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था और भाजपा के टिकट पर 2021 का विधानसभा चुनाव जीता था, लेकिन कुछ ही महीनों बाद वह ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी में लौट गए।

इससे पहले दास ने 2011 और 2016 में बोंगांव उत्तर सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव जीता था।

ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि चटर्जी और दास को शामिल करने के संबंध में कोई भी निर्णय लेने से पहले गुट का सामूहिक नेतृत्व इस मामले पर चर्चा करेगा।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम आपको कल सूचित करेंगे।’’

भाषा संतोष अविनाश

अविनाश