कोच्चि में महिला समेत दो गिरफ्तार, 37 ग्राम से अधिक एमडीएमए बरामद
कोच्चि में महिला समेत दो गिरफ्तार, 37 ग्राम से अधिक एमडीएमए बरामद
कोच्चि, 19 मार्च (भाषा) केरल के कोतमंगलम में बृहस्पतिवार को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से कथित तौर पर 37 ग्राम से अधिक एमडीएमए (मादक पदार्थ) बरामद किया गया। आबकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों में 18-वर्षीय एक युवती और 24-वर्षीय एक युवक शामिल है। महिला छह महीने पहले कॉलेज में पढ़ाई के लिए कोतमंगलम आई थी, लेकिन बाद में उसने पढ़ाई छोड़ दी और फिर मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी।
उन्होंने दावा किया कि वह अपने गिरोह की सरगना थी और स्वयं बेंगलुरु जाकर नशीले पदार्थ खरीदती थी।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें यह सूचना मिली थी कि वह बेंगलुरु नशीले पदार्थ खरीदने गयी है, जिसके बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
बेंगलुरु के पेरुम्बावूर तक बस से आई महिला उक्त व्यक्ति के साथ गाड़ी में होटल पहुंची, जहां दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया, इस दौरान उनके पास से मादक पदार्थ बरामद किए गए।
अधिकारी ने कहा, “नशीली दवाओं की तस्करी की कई शिकायतें मिलने के बावजूद हम अब तक उसे (महिला) पकड़ नहीं पाए थे।”
कॉलेज छोड़ने के बाद महिला एक ‘टैटू पार्लर’ में काम कर रही थी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों को मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि दोनों के बयान दर्ज कर लिये गए हैं और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


