पंजाब में रेल मार्ग को निशाना बनाने में शामिल दो खालिस्तानी गुर्गे मलेशिया से निर्वासित
पंजाब में रेल मार्ग को निशाना बनाने में शामिल दो खालिस्तानी गुर्गे मलेशिया से निर्वासित
चंडीगढ़, 19 जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’(केजेडएफ) से जुड़े दो वांछित गुर्गों को मलेशिया से निर्वासित किए जाने के बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर उन्हें पकड़ लिया। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हरियाणा के अंबाला निवासी गुरविंदर सिंह और पटियाला निवासी मनजीत सिंह का निर्वासन पंजाब पुलिस द्वारा केंद्रीय एजेंसियों और रॉयल मलेशिया पुलिस के सहयोग से सुनिश्चित किया गया। उन्हें बुधवार को दिल्ली लाया गया था।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गुरविंदर और मनजीत केजेडएफ समर्थित एक आतंकवादी मॉड्यूल के मलेशिया स्थित प्रमुख गुर्गे थे, जो पंजाब में ‘डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर’ सहित महत्वपूर्ण रेलवे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने में शामिल थे।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने आरोपियों को नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पकड़ा और उन्हें पंजाब लाया गया।
इससे पहले, पंजाब पुलिस ने सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब के पास रेलवे फ्रेट कॉरिडोर लाइन पर 23 जनवरी को हुए आईईडी विस्फोट और 27 अप्रैल को शंभू, पटियाला के पास उसी कॉरिडोर पर विस्फोट के प्रयास के लिए जिम्मेदार आतंकवादी मॉड्यू का भंडाफोड़ किया था।
डीजीपी ने कहा कि जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक आरपीजी लॉन्चर, एक आईईडी, आरडीएक्स, हथगोले और गोला-बारूद के साथ पिस्तौल तथा उग्रवाद से जुड़ी सामग्री बरामद की गई।
यादव ने कहा, ‘‘इस अंतरराष्ट्रीय साजिश की जांच में मलेशिया से काम कर रहे केजेडएफ आकाओं और आर्थिक मददगारों की संलिप्तता का खुलासा हुआ।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों आरोपियों को 18 जून को पटियाला की संबंधित अदालत के समक्ष पेश किया गया और वहां से पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। व्यापक नेटवर्क का पता लगाने और साजिश में शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।’’
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


