रामबन में खाई में गिरने से ट्रक में आग लगी, दो लोगों की मौत

रामबन में खाई में गिरने से ट्रक में आग लगी, दो लोगों की मौत

रामबन में खाई में गिरने से ट्रक में आग लगी, दो लोगों की मौत
Modified Date: May 30, 2026 / 02:20 pm IST
Published Date: May 30, 2026 2:20 pm IST

बनिहाल/जम्मू, 30 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक के गहरी खाई में गिरने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना रामसू इलाके में गंगरू के पास हुई। उसने बताया कि ट्रक में चूना पत्थर लदा था और ट्रक जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था, तभी गंगरू के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन खाई में गिर गया और उसमें आग लग गई।

उसने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर रामसू थाना पुलिस, हिमालयन त्वरित प्रतिक्रिया दल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि जब बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक वाहन पूरी तरह से आग की लपटों में घिर चुका था। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान ट्रक के जले हुए केबिन से चालक और उसके सहायक के शव बरामद किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक, शव आंशिक रूप से झुलसी हुई हालत में मिले और आग में ट्रक पूरी तरह से नष्ट हो गया है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेकर एक जांच शुरू कर दी है।

भाषा प्रचेता अमित

अमित


लेखक के बारे में