कर्नाटक में रसायन फैक्टरी में विस्फोट, दो लोगों की मौत
कर्नाटक में रसायन फैक्टरी में विस्फोट, दो लोगों की मौत
मांड्या (कर्नाटक), 15 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के मांड्या जिले में करेकट्टे गांव के पास स्थित एक फैक्टरी में रासायनिक भंडारण टैंक में विस्फोट होने से रविवार को दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि विस्फोट उस समय हुआ, जब रसायन फैक्टरी को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और घायलों को मांड्या आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि फैक्टरी का सामान कुछ समय से करेकट्टे से नयी जगह पर ले जाया जा रहा था और रविवार को रासायनिक टैंक को खाली करते समय यह हादसा हुआ। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय निवासियों ने फैक्टरी के सुरक्षा रिकॉर्ड पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2022 में यहां जहरीली गैस का रिसाव हुआ था, जिससे आसपास की फसलें खराब हो गई थीं और दो कुत्तों की मौत हो गई थी।
उन्होंने कहा कि इस घटना का आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर पड़ा था।
किसानों और स्थानीय लोगों के कड़े विरोध और स्थानीय विधायक तथा जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फैक्टरी का संचालन बंद कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि इसी कारण मालिकों ने फैक्टरी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत

Facebook


