हरिद्वार में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत
हरिद्वार में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत
हरिद्वार, 11 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन से टक्कर के बाद एक मोटरसाइकिल में आग लग गई जिसकी वजह से उस पर सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी ।
बहादराबाद पुलिस थाने के प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात अलीपुर गांव से कुछ दूरी पर हुआ हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए।
उन्होंने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने जलती हुई मोटरसाइकिल के पास पड़े दोनों युवकों के शवों को हटाया।
उन्होंने कहा कि टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन का चालक फरार हो गया।
सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।
मृतकों की पहचान अलीपुर गांव के रहने वाले राहुल और राजकमल के रूप में हुई है।
भाषा सं दीप्ति जोहेब
जोहेब

Facebook


