बाराबंकी/झांसी (उप्र), 21 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और झांसी जिले में तेज हवाओं और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
बाराबंकी जिले की पुलिस के अनुसार, गांव महमूदाबाद निवासी मुस्ताक (42) शुक्रवार को गांव उदौली चौराहे रोड स्थित एक दुकान पर दाढ़ी बनवाने गया था तभी तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि दुकान के निकट हाईटेंशन लाइन के खंभे पर अचानक बिजली गिरी, जिससे इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया और तार टूटकर जमीन पर गिरा।
उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट और धमाके की आवाज सुनकर दुकान में मौजूद लोग घबरा कर भागे। मुस्ताक भी दुकान से बाहर भागा, लेकिन उसका पैर जमीन पर गिरे तार पर पड़ गया और करंट लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गया।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस से उसे संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी बीच झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा इलाके में स्थित इंडो गल्फ इंडस्ट्रियल लिमिटेड फैक्टरी में शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से धमाके के बाद आग लग गई।
झांसी की पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रीति सिंह ने बताया कि फैक्टरी में कार चालक के तौर पर काम करने वाला बबीना निवासी विनय साहू (37) इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ और देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि विस्फोट के दौरान फैक्टरी का कुछ हिस्सा भी ढह गया।
उन्होंने बताया कि फैक्टरी में विस्फोट और आग की घटना की जांच के लिए संबंधित एजेंसी पेट्रोलियम एवं विस्फोटक संगठन को सूचित कर दिया गया है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी