केरलम में कुक्कुट फार्म की इलेक्ट्रिक बाड़बंदी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, दो गिरफ्तार

केरलम में कुक्कुट फार्म की इलेक्ट्रिक बाड़बंदी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, दो गिरफ्तार

केरलम में कुक्कुट फार्म की इलेक्ट्रिक बाड़बंदी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, दो गिरफ्तार
Modified Date: September 1, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: September 1, 2026 5:29 pm IST

मलप्पुरम, एक सितंबर (भाषा) केरलम में एक कुक्कुट फार्म में अवैध तरीके से की गई बिजली के तार वाली बाड़बंदी के संपर्क में आने से करंट लगने के कारण दो भाइयों की मौत हो गई थी। इस मामले में फार्म मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान फार्म मालिक समीर और उसके कर्मचारी असम निवासी प्रवासी श्रमिक सिराजुद्दीन के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि जांच में पता चला कि कीझत्तूर के पास अक्कापरंबु में स्थित कुक्कुट फार्म के चारों ओर अवैध रूप से बिजली की तार लगाई गई थी।

उन्होंने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या और बिजली अधिनियम की धारा 135(1)(ई) के तहत बिजली चोरी के आरोप में दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, समीर ने कथित तौर पर रात के समय जानवरों को कुक्कुट फार्म में घुसने से रोकने के लिए बिजली का बाड़ा लगाया था।

पुलिस ने बताया कि जिले के वेट्टाथुर निवासी पीड़ित साहिर नवास (36) और मुहम्मद फैसल मुर्शिद (32) 26 अगस्त को सुबह करीब 10.30 बजे चारा पहुंचाने के लिए फार्म पहुंचे थे, जहां वे बिजली प्रवाहित बाड़े के संपर्क में आ गए।

पुलिस ने बताया कि दोनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, समीर आमतौर पर सुबह बिजली के बाड़े को बंद कर देता था, लेकिन 26 अगस्त को कथित तौर पर ऐसा करना भूल गया, जिसके कारण यह दर्दनाक घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद से समीर फरार था। उसे सोमवार को हिरासत में लिया गया और बाद में उसकी गिरफ्तारी की गई।

उन्होंने बताया कि सिराजुद्दीन को 28 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में