बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष से मारपीट के मामले में दो नेता छह साल के लिए निलंबित

Ads

बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष से मारपीट के मामले में दो नेता छह साल के लिए निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 11:57 AM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 11:57 AM IST

जयपुर, तीन सितंबर (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने बीकानेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट के मामले में पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और पार्टी नेता मोहित अरोड़ा को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है, साथ ही बीकानेर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शशिकला राठौड़ की कथित भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं।

पार्टी नेताओं ने बृहस्पतिवार को बताया कि कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह को राठौड़ के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर दो दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

यह कार्रवाई बुधवार को बीकानेर में वार्ड संख्या 50 से कांग्रेस उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान मेघवाल के साथ कथित मारपीट की घटना के एक दिन बाद की गई है।

पार्टी महासचिव (संगठन) ललित तूनवाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों ने मेघवाल के साथ कथित तौर पर मारपीट की और दुर्व्यवहार किया। घटना में कथित संलिप्तता के लिए पार्टी ने बुधवार रात दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को छह साल के लिए निलंबित कर दिया।

मेघवाल ने इस घटना में शशिकला राठौड़ की भी भूमिका होने आरोप लगाया था और डोटासरा से शिकायत की थी। इसके बाद उनकी भूमिका की जांच के आदेश दिए गए।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और दो दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंपने को कहा गया है।

घटना की जानकारी देते हुए मेघवाल ने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें वार्ड कार्यालय के बाहर बातचीत करने के बहाने बुलाया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ जैसे ही मैं सीढ़ियों से नीचे आया, उन्होंने अचानक मुझसे मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज की। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया।’’

घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

यह घटना शहरी निकाय चुनाव के लिए टिकट वितरण के बाद कांग्रेस में जारी अंदरूनी असंतोष के बीच सामने आई है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना की निंदा करते हुए, इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी का टिकट केवल एक व्यक्ति को मिल सकता है, लेकिन टिकट वितरण को लेकर मतभेद किसी भी स्थिति में हिंसा को उचित नहीं ठहरा सकते।

गहलोत ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वे कांग्रेस कार्यकर्ता ही क्यों न हों।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और डोटासरा ने भी घटना की निंदा करते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस इकाई एक समिति भी गठित कर सकती है, जो बीकानेर जाकर घटना की परिस्थितियों की जांच करेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करेगी।

भाषा बाकोलिया वैभव शोभना

शोभना