नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 2024 में मणिपुर के तत्कालीन मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के काफिले पर हुए सशस्त्र हमले के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान चूड़ाचांदपुर के बेथेल निवासी जांगमिनलुन सिंगसोन उर्फ फ्रैंकी (44) और गमफाजांग तुइबोंग निवासी थांगजोएल हाओकिप उर्फ थांगबोई (21) के रूप में हुई है।
यह घटना 10 जून, 2024 को हुई थी, जब मणिपुर के कांगपोकपी जिले के सिनाम गांव के पास एनएच-37 पर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री के काफिले पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में सुरक्षा कर्मियों के दो जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा था।
मामला शुरुआत में न्यू कीथेलमनबी थाने में दर्ज किया गया था और बाद में 11 जुलाई, 2024 को एनआईए ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली थी।
एनआईए की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जांच में दोनों आरोपियों की अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में मदद करने तथा साजिश में शामिल अन्य लोगों के साथ उनके संबंधों का पता चला।
बयान में कहा गया कि दोनों को इससे पहले एनआईए ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था और अब इस मामले में भी गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी हमले के पीछे की बड़ी साजिश का पता लगाने के प्रयासों का हिस्सा है।
आतंकवाद रोधी एजेंसी ने बताया कि आरोपियों को थौबल स्थित विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
एनआईए ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है, ताकि आरोपियों की विशेष भूमिका का पता लगाया जा सके, साजिश में शामिल अन्य सदस्यों के साथ उनके संबंध स्थापित किए जा सकें और अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
इस मामले में दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया गया था।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप