शिमला, चार सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 215 नए मामले सामने आए और इस महामारी से दो और मरीजों की मौत हो गई।
इसके बाद राज्य में सामने आए संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 6,831 हो गई और मृतकों की संख्या 49 पहुंच गई।
वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ जनक राज ने बताया कि इस बीच राज्य के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
ठाकुर की जांच में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
डॉ राज ने बताया कि ठाकुर की हालत स्थिर है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा और सिरमौर में कोविड-19 के एक-एक मरीज की मौत हो गई।
विशेष सचिव (स्वास्थ्य) निपुण जिंदल ने बताया कि राज्य में अभी 1,815 मरीजों का इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक कोविड-19 के 4,920 मरीज ठीक हो चुके हैं।
भाषा यश देवेंद्र
देवेंद्र