डूंगरपुर में एक वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, मुख्य आरक्षी समेत तीन की मौत
डूंगरपुर में एक वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, मुख्य आरक्षी समेत तीन की मौत
जयपुर, 27 जुलाई (भाषा) राजस्थान के डूंगरपुर जिले में तेज रफ्तार ‘बोलेरो’ (एक चौपहिया वाहन) की टक्कर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जिन लोगों की जान गयी उनमें एक राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) का एक मुख्य आरक्षी था।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार रात वरदा थाना क्षेत्र के अंतरी के पास हुआ।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान 13वीं आरएसी बटालियन के मुख्य आरक्षी धूलसिंह चौहान (55), उनके चचेरे भाई महिपाल सिंह (54) और दिनेश रोत (21) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, धूलसिंह ड्यूटी पूरी कर अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ‘बोलेरो’ ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘पहली मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसका वाहन आगे चल रही दूसरी मोटरसाइकिल से भी जा टकराया। इस हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।’’
पुलिस के अनुसार दूसरी मोटरसाइकिल पर दिनेश रोत और संदीप (29) सवार थे। चारों घायलों को तत्काल डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने धूलसिंह और दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि गंभीर रूप से घायल महिपाल सिंह को बेहतर उपचार के लिए उदयपुर ले जाने की सलाह दी गयी लेकिन लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। संदीप का डूंगरपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


