सूरत की एक इमारत में आग लगने से सिलेंडर फटा, दो लोगों की मौत और नौ घायल

सूरत की एक इमारत में आग लगने से सिलेंडर फटा, दो लोगों की मौत और नौ घायल

सूरत की एक इमारत में आग लगने से सिलेंडर फटा, दो लोगों की मौत और नौ घायल
Modified Date: March 19, 2026 / 10:52 am IST
Published Date: March 19, 2026 10:52 am IST

सूरत, 19 मार्च (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में बृहस्पतिवार को एक इमारत में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना भारतनगर के कापोदरा इलाके में रचना सर्कल के पास स्थित इमारत की तीसरी मंजिल पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। इमारत में कढ़ाई का भी काम होता था।

उन्होंने बताया कि इमारत में आठ गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से दो में विस्फोट हो गया जिससे दो लोगों की मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया, ‘घटना की सूचना मिलते ही चार दमकल केन्द्रों से दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पहुंचने पर देखा गया कि आग भयंकर रूप से फैल रही थी। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग और तेजी से फैली।’

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने इमारत की तीसरी मंजिल में लगी ‘शीट’ को तोड़ दिया और अंदर फंसे लोगों को निकाल कर अस्पताल भेजा गया।

अधिकारी ने बताया, ‘कुल 11 लोगों को बाहर निकाला गया। उनमें से नौ को मामूली चोटें आईं, जबकि दो की मौत हो गई।’

भाषा तान्या शोभना

शोभना


लेखक के बारे में