मछली पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली नौका केरल तट के पास जहाज से टक्कर के बाद डूबी, दो लोग लापता
मछली पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली नौका केरल तट के पास जहाज से टक्कर के बाद डूबी, दो लोग लापता
कोच्चि, आठ मार्च (भाषा) केरल के कोल्लम तट के निकट एक जहाज से टकराने के बाद मछली पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली एक नौका डूब गई और दो लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
तटीय पुलिस के अनुसार चालक दल के दो सदस्य लापता हैं, जबकि नौ अन्य को उस जहाज में सवार लोगों ने बचा लिया है, जिससे नौका की टक्कर हुई।
सेंट जोसेफ नामक नौका में चालक दल के 11 सदस्य थे, जो अन्य राज्यों से थे और गहरे समुद्र में मछलियां पकड़ रहे थे।
एक अधिकारी ने कहा कि यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ, जब नौका तट से लगभग 120 समुद्री मील दूर विदेशी जहाज से टकरा गई।
उन्होंने कहा कि टक्कर के प्रभाव से नौका को गंभीर नुकसान हुआ और वह कुछ ही समय में डूब गई। घटना के तुरंत बाद, नौका के चालक दल के नौ सदस्यों को जहाज में सवार लोगों ने बचा लिया जबकि बाकी दो को खोजने की कोशिशें विफल रहीं।
पुलिस ने कहा कि बचाए गए मछुआरों को जल्द ही कोच्चि या तिरुवनंतपुरम के विझिंजम लाया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि बचाए गए चालक दल सदस्यों के बयान दर्ज करने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।
भाषा जोहेब सिम्मी
सिम्मी

Facebook


