झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में जादू टोना के संदेह में दो लोगों की हत्या

Ads

झारखंड में अलग-अलग घटनाओं में जादू टोना के संदेह में दो लोगों की हत्या

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 10:51 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 10:51 PM IST

दुमका/गुमला, 28 अप्रैल (भाषा) झारखंड के दुमका और गुमला जिलों में दो अलग-अलग घटनाओं में जादू-टोना करने के संदेह में एक महिला सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दुमका में यह घटना सोमवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दुमरसोल गांव में हुई, जहां एक व्यक्ति ने एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान पक्कू हेब्रोम (55) के रूप में हुई है और वह विधवा है, जबकि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंसी टुडू (35) के रूप में हुई है।

मुफस्सिल थाने के प्रभारी अधिकारी जगन्नाथ धन ने बताया, ‘आरोपी ने सोमवार को पीड़िता को अपने घर बुलाकर लाठी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि उसे महिला पर जादू-टोना करने का शक था। उसे लगता था कि महिला के जादू-टोने की वजह से शादी के बाद से पिछले 10 सालों से उसे संतान प्राप्ति का सुख नहीं मिला था।’

जगन्नाथ धन के अनुसार आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और पिछले साल उसके पिता का भी निधन हो गया था। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के शव को सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लाठी बरामद कर ली है।

गुमला में एक अलग घटना में बिशुनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत निरासी करचा गांव में सोमवार रात को 65 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने हत्या कर दी।

बिशुनपुर थाने के उप-निरीक्षक (एसआई) प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी संदीप ओरांव ने जादू-टोना करने के संदेह में कुल्हाड़ी से काटकर गणेश उर्फ गान्शा ओरांव की हत्या कर दी थी।

उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही है।

अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव