कोल्लम (केरल), 20 सितंबर (भाषा) केरल के करुणागपल्ली में हत्या के प्रयास के एक मामले के आरोपी को पकड़ने के लिए की गई छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर कथित तौर पर ईंटों और अन्य घरेलू सामान से हमला किया गया, जिससे दो अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ईंट लगने के कारण उपनिरीक्षक जीनू के सिर पर चोट आई, जबकि भारी टॉर्च से हमला किए जाने से सिविल पुलिस अधिकारी अभिलाष के चेहरे की हड्डी टूट गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में रेजिन, रेशमा, रम्या और हर्षा नामक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर हुई, जब अदूर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले के आरोपी रेजिन के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर अदूर के पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) के विशेष दस्ते की एक टीम उसके घर पहुंची।
अधिकारियों के मुताबिक, जीनू के नेतृत्व में पुलिस टीम सादे कपड़ों में आरोपी के घर पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, घर के सदस्यों को शुरू में यह पता नहीं था कि वहां पहुंचे लोग पुलिसकर्मी हैं।
पुलिस ने बताया कि जब अधिकारियों ने रेजिन को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसके रिश्तेदार अरुण और घर में मौजूद तीन महिलाओं ने इसका विरोध किया और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिसकर्मी होने की जानकारी दिए जाने के बावजूद उन्होंने विरोध करना जारी रखा।
इस दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर ईंटों और फूलों के गमलों सहित अन्य घरेलू सामान से हमला किया गया।
पुलिस ने बताया कि अधिकारियों के साथ मारपीट करने के बाद अरुण मौके से फरार हो गया।
करुणागपल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घायल अधिकारियों को इलाज के लिए करुणागपल्ली तालुक अस्पताल ले जाया गया। मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप