गुरुग्राम, 15 जुलाई (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने की घटनाएं हुईं, जिनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पहली घटना में एक कंपनी के गोदाम में आग लग गई, जबकि दूसरी घटना बंद पड़े ‘किंगडम ऑफ ड्रीम्स’ परिसर की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार देर रात पटौदी रोड स्थित झुंड सराय में लाइफलॉन्ग कंपनी के गोदाम में आग लग गई। उन्होंने बताया कि बुधवार अपराह्न सेक्टर 29 में बंद पड़े ‘किंगडम ऑफ़ ड्रीम्स’ सांस्कृतिक परिसर में भी आग लग गयी।
लाइफलॉन्ग कंपनी के गोदाम में आग की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। इस बीच गोदाम से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग की भयावहता को देखते हुए गुरुग्राम के सभी अग्निशमन केंद्रों और निजी कंपनियों से दो दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को इसपर काबू पाने के लिए लगाया गया।
अग्निशमन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग तेजी से फैल गई और उसी इमारत में संचालित दो अन्य कंपनियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
अधिकारी ने कहा, ‘दमकलकर्मी सुबह तक आग बुझाने में जुटे रहे। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है और आग पूरी तरह बुझने के बाद तलाशी अभियान भी चलाया जाएगा।’
एक अन्य घटना में बुधवार दोपहर गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित बंद पड़े ‘किंगडम ऑफ ड्रीम्स’ सांस्कृतिक परिसर में भी आग लग गई।
अपराह्न करीब 1:45 बजे घटना की सूचना मिलने पर 12 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में भी किसी के हताहत होने अथवा इमारत में किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश