नेहरू प्लेस में क्लब के बाहर पूर्वोत्तर की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट; चार आरोपियों की पहचान

नेहरू प्लेस में क्लब के बाहर पूर्वोत्तर की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट; चार आरोपियों की पहचान

नेहरू प्लेस में क्लब के बाहर पूर्वोत्तर की दो महिलाओं के साथ छेड़छाड़, मारपीट; चार आरोपियों की पहचान
Modified Date: May 11, 2026 / 04:50 pm IST
Published Date: May 11, 2026 4:50 pm IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में एक क्लब के बाहर पूर्वोत्तर की दो महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ एवं मारपीट की गई तथा उनके खिलाफ नस्लवादी टिप्पणियां भी की गईं।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में चार लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 मई को सुबह करीब 6:30 बजे नेहरू प्लेस स्थित एक होटल के बाहर चाय की दुकान के पास घटी।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब सात बजे पीड़िताओं ने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को घटना की सूचना दी, जिसके बाद कालकाजी थाने की एक टीम मौके पर पहुंची।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़िताओं पर कथित तौर पर पुरुषों के एक समूह द्वारा अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और उन्हें अपशब्द कहे गए तथा उनके साथ मारपीट भी हुई।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे क्लब के बाहर चाय पी रही थीं, तभी दो पुरुषों ने उन्हें देखकर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और इसमें कथित तौर पर कई अन्य लोग भी शामिल हो गए। उनका दावा है कि इससे बहस होने लगी, जिसने बाद में उग्र रूप ले लिया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ताओं में से एक ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसपर नस्लवादी टिप्पणियां कीं।’’

पीड़िताओं में से एक ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे घटनास्थल से निकलने की कोशिश कर रही थीं, तब उनपर बांस के डंडे से हमला किया गया। आरोपियों ने उनका कथित तौर पर रास्ता भी रोका और घटना के बारे में किसी को बताने पर उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचते ही दोनों पीड़िताओं को चिकित्सा जांच के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया।

उन्होंने कहा कि कालकाजी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 74 (किसी महिला की शील भंग करने के इरादे से उसपर आपराधिक बल प्रयोग), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 78 (पीछा करना) और 3(5) (सामान्य इरादे) के तहत 10 मई को मामला दर्ज किया गया है और तुरंत जांच शुरू कर दी गई है।

महिलाओं ने पुलिस को बताया कि अगर आरोपियों को उनके सामने पेश किया जाए तो वे उनकी पहचान कर लेंगी।

पुलिस ने बताया कि जांच के तहत, आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान, गवाहों और राहगीरों सहित आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों की पहचान की गई।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीम गठित की गई हैं और उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा नोमान

नोमान सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में