भीलवाड़ा में सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत, एक अन्य घायल
भीलवाड़ा में सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत, एक अन्य घायल
जयपुर, नौ फरवरी (भाषा) भीलवाड़ा जिले में सोमवार सुबह एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में भीलवाड़ा–अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सरेरी गांव के पास हुआ। भीलवाड़ा निवासी सीता, रेखा और चंचल नायक एक ही स्कूटी पर सवार होकर कंवलियास के पास स्थित त्रिदेव महादेव मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं।
उसने बताया कि इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे सीता और रेखा की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चंचल नायक को पहले भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


