उमर खालिद के समर्थन में आवाज उठाने पर पणजी में दो युवकों को हिरासत में लिया गया

Ads

उमर खालिद के समर्थन में आवाज उठाने पर पणजी में दो युवकों को हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - July 26, 2026 / 12:53 AM IST,
    Updated On - July 26, 2026 / 12:53 AM IST

पणजी, 25 जुलाई (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर हुए जश्न के दौरान कथित तौर पर जेल में बंद छात्र कार्यकर्ता उमर खालिद के समर्थन में बयान देने के आरोप में शनिवार को पणजी में दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

आजाद मैदान में एक समूह प्रधान के इस्तीफे का जश्न मना रहा था तभी दानिश नाम के एक युवक ने खालिद के समर्थन में नारे लिखी एक तख्ती दिखाने लगा। प्रधान ने पेपर लीक मामले में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है।

मीडिया द्वारा पूछे जाने पर दानिश ने कहा कि वह उमर खालिद की जेल से रिहाई की मांग का समर्थन करता है।

विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर मौजूद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने अपनी पहचान बताने से इनकार करने पर दानिश को हिरासत में ले लिया।

दानिश को हिरासत में लिए जाने के बाद आजाद मैदान में मौजूद सभी लोग उसके समर्थन में पुलिस मुख्यालय की ओर मार्च करते हुए उसकी रिहाई की मांग करने लगे।

एक अधिकारी ने बताया कि जब यह समूह दानिश के समर्थन में नारे लगा रहा था, तभी पुलिस ने सुदिन दलवी को हिरासत में ले लिया; आरोप है कि उसने भी खालिद का समर्थन किया और मीडियाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।

अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

उमर खालिद को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत