खरगोन (मप्र), दो अगस्त (भाषा) खरगोन जिले में एक कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक यह हादसा जिले के कसरावद थाना क्षेत्र में शनिवार रात सैलानी बाईपास पर हुआ और यह इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल में आग लग गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
कसरावद थाना प्रभारी इन्द्रेश त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना में खरगोन निवासी मोटरसाइकिल सवार जयंत वर्मा (19) और लक्की सेंगर (18) की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों युवक इंदौर से खरगोन लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी