केरल में महिलाओं के लिए यूडीएफ सरकार की मुफ्त बस योजना सोमवार से शुरू होगी

Ads

केरल में महिलाओं के लिए यूडीएफ सरकार की मुफ्त बस योजना सोमवार से शुरू होगी

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 07:12 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 14 जून (भाषा) केरल सरकार राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की सामान्य बसों में महिलाओं एवं उभयलिंगियों के लिए मुफ्त यात्रा योजना ‘प्रियदर्शिनी’ शुरू करने जा रही है।

विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) द्वारा घोषित पांच ‘इंदिरा गारंटियों’ में शामिल यह योजना शुरुआती तौर पर 15 जून से राज्य में सभी सामान्य केएसआरटीसी सेवाओं में उपलब्ध होगी।

पहले चरण के तहत किसी भी उम्र की महिलाएं और उभयलिंगी इस मुफ्त यात्रा के पात्र होंगे, भले ही उनकी आय, सामाजिक दर्जा आदि कुछ भी क्यों न हो।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इसके लिए किसी पूर्व पंजीकरण, दस्तावेज़ या आवेदन प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होगी।

यात्रियों को यात्रा के दौरान केवल परिचालकों से इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ईटीएम) के माध्यम से शून्य मूल्य का ‘प्रियदर्शिनी’ टिकट लेना होगा।

उन्होंने बताया कि यह टिकट प्रणाली डिजिटल रूप से हर यात्रा को रिकॉर्ड करेगी, जिससे केएसआरटीसी को खर्चों की प्रतिपूर्ति और पारदर्शी लेखा-जोखा रखने में मदद मिलेगी।

सूत्रों ने कहा कि यह छूट वर्तमान में निगम की सभी 3,125 सामान्य बसों में उपलब्ध होगी, जिससे पूरे राज्य में इसका लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री वी डी सतीशन सुबह साढ़े आठ बजे थंपानूर बस टर्मिनल पर औपचारिक रूप से इस योजना का उद्घाटन करेंगे और उद्घाटन कार्यक्रम के तहत टर्मिनल से सचिवालय के दरबार हॉल तक केएसआरटीसी बस से यात्रा करेंगे।

उद्घाटन सेवा का संचालन पूरी तरह से महिला चालक दल द्वारा किए जाने की उम्मीद है।

इस पहली यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिला यात्री भी शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री ने हाल में कहा था कि यह रियायत (छूट) अपने वर्तमान स्वरूप में केएसआरटीसी पर प्रति माह 60 करोड़ रुपये से अधिक या सालाना लगभग 800 करोड़ रुपये का बोझ डालेगी और इस पूरे खर्च का वहन राज्य सरकार करेगी।

भाषा सुमित राजकुमार

राजकुमार