उधमपुर बस हादसा: मुख्यमंत्री उमर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन, मुआवजे की घोषणा की
उधमपुर बस हादसा: मुख्यमंत्री उमर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन, मुआवजे की घोषणा की
राजौरी/जम्मू, 20 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को उधमपुर जिले में एक सड़क हादसे में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और घटना के कारणों का पता लगाने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 25,000 रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की।
सोमवार को रामनगर-उधमपुर मार्ग पर एक यात्री बस पहाड़ी से नीचे गिर गई थी, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य लोग घायल हो गए।
बस पहाड़ी से गिरने से पहले एक ऑटो-रिक्शा से टकरायी और फिर पलट कर नीचे गिर गयी।
उमर ने पत्रकारों से कहा, “इस घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा, लापरवाही कहां हुई और अगर कोई कार्रवाई आवश्यक हुई, तो हम उसे करेंगे।”
उन्होंने कहा, “मैं अपनी ओर से और अपने सहयोगियों की ओर से गहरा दुख व्यक्त करता हूं। हम पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और उनके दुख एवं पीड़ा में उनके साथ हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता इस दुखद घटना में हुई अपूरणीय जानमाल की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, फिर भी प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए तत्काल राहत दी जा रही है।
उमर ने दोहराया कि सरकार पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रभावितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय उधमपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के साथ लगातार संपर्क में है।
इसी अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन को बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


