यूक्रेनी राष्ट्रपति के शीर्ष सहयोगी ने एनएसए डोभाल से बात की, शांति योजना के लिए समर्थन मांगा
यूक्रेनी राष्ट्रपति के शीर्ष सहयोगी ने एनएसए डोभाल से बात की, शांति योजना के लिए समर्थन मांगा
नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) यूक्रेनी राष्ट्रपति के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ एंड्री यरमक ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को रूसी हमले के मद्देनजर अपने देश के मौजूदा हालात से अवगत कराया और यूक्रेनी शांति सूत्र के लिए भारत का समर्थन मांगा।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि यरमक ने डोभाल के साथ फोन पर हुई बातचीत में ‘वैश्विक शांति शिखर सम्मेलन’ की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही यूक्रेनी शांति योजना के लिए वैश्विक समर्थन को मजबूत करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जेलेंस्की ने करीब तीन सप्ताह पहले हिरोशिमा में जी-7 शिखर सम्मेलन के मौके पर बातचीत की थी, जिसके बाद यरमक और डोभाल के बीच फोन पर बातचीत हुई है।
मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति को संदेश दिया था कि भारत यूक्रेन विवाद का समाधान निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
बुधवार को जारी बयान में कहा गया, ‘‘बातचीत का मुख्य विषय यूक्रेनी शांति सूत्र का कार्यान्वयन था। विशेष रूप से, यूक्रेनी शांति योजना के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाना और इसके अलग-अलग बिंदुओं के कार्यान्वयन में भारत के शामिल होने की संभावना पर बल देने पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


