नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) केरल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया।
कुरियन (65) अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुरियन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
भाजपा ने हाल में हुए राज्यसभा चुनावों में कुरियन को दोबारा उम्मीदवार न बनाने का फैसला किया था। उनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो गया।
वह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा रिक्त की गई राज्यसभा सीट के शेष कार्यकाल के लिए अगस्त 2024 में मध्यप्रदेश से उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुने गए थे।
केंद्रीय संचार मंत्री एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया जून 2024 में मध्यप्रदेश के गुना निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए थे।
मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75 के खंड (2) के तहत केंद्रीय मंत्रिपरिषद से कुरियन का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
इस खंड के अनुसार, ‘‘वह तब तक पद पर रहेंगे जब तक राष्ट्रपति चाहें।’’
इससे पहले, पूर्व अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी अपना राज्यसभा कार्यकाल पूरा होने से एक दिन पहले जुलाई 2022 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
भाषा खारी वैभव
वैभव