रांची में केंद्रीय मंत्री ने उन्नत आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया
रांची में केंद्रीय मंत्री ने उन्नत आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया
रांची, छह मार्च (भाषा) रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को झारखंड की राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आधार सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने के लिए यहां एक उन्नत आधार सेवा केंद्र (एएसके) का उद्घाटन किया।
सेठ ने कहा कि इस तरह की पहल सार्वजनिक सेवाओं के वितरण में पारदर्शिता, दक्षता और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष की आयु पूरी होने पर और फिर 15 वर्ष की आयु में अपने बच्चों का बायोमेट्रिक जानकारी अद्यतन जरूर कराएं ताकि बच्चे छात्रवृत्ति जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें और प्रवेश परीक्षाओं के लिए आसानी से पंजीकरण करा सकें।
इस अवसर पर उपस्थित राज्यसभा सदस्य महुआ माजी ने स्कूलों से अपील की कि वे भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के अभियान के तहत अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लंबित मामलों को कम करने के लिए सक्रिय पहल करें।
झारखंड में यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र वर्तमान में केवल रांची, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में उपलब्ध हैं।
यूआईडीएआई के एक अधिकारी ने बताया कि बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा और पलामू में भी चरणबद्ध तरीके से नए आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव

Facebook


