केंद्रीय मंत्री ने साइबर धोखाधड़ी को लेकर हैदराबाद पुलिस आयुक्त के साथ बातचीत की
केंद्रीय मंत्री ने साइबर धोखाधड़ी को लेकर हैदराबाद पुलिस आयुक्त के साथ बातचीत की
हैदराबाद, 22 मई (भाषा) केंद्रीय संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ व्यवस्थित उपायों पर विचार-विमर्श करने के लिए हैदराबाद पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनार के साथ बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस से बातचीत की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सज्जनार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘चर्चा में नागरिकों की सुरक्षा के लिए खुफिया सूचना आधारित प्रवर्तन, अंतर-एजेंसी सहयोग और मजबूत निवारक तंत्र बनाने के महत्व पर जोर दिया गया।’
मंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘हमने साइबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए दूरसंचार विभाग और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने के साथ-साथ शुरुआती स्तर पर ही इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए मजबूत नियामक तंत्र विकसित करने पर चर्चा की।’
दूरसंचार नेटवर्क का दुरुपयोग कर साइबर अपराध करने वाले जालसाजों के खिलाफ हालिया कार्रवाई के बाद, मंत्री ने दूरसंचार विभाग और हैदराबाद पुलिस के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘तकनीकी प्रणालियों से जनता को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। उन्हें अपराधों का जरिया नहीं बनने देना चाहिए। सरकार साइबर सुरक्षा को और मजबूत करने तथा जनता के विश्वास की रक्षा करने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।’
भाषा
प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


